BE vs BTech: Kaunsa Engineering Course Better Hai?
BE vs BTech: Kaunsa Engineering Course Better Hai?
विकाश हैदराबाद में एक बड़ी कंपनी में इंजीनियरिंग मैनेजर हैं। वहीं मोंटी, एक्स यूनिवर्सिटी से पढ़ाई करने के बाद नोएडा की एक बड़ी टेक कंपनी में असिस्टेंट मैनेजर हैं।
दोनों का काम लगभग एक जैसा है। दोनों इंजीनियर कहलाते हैं। दोनों की ब्रांच भी इलेक्ट्रिकल थी।
लेकिन यहां तक पहुँचने का उनका रास्ता अलग-अलग रहा—एक ने बीटेक (B.Tech) किया और दूसरे ने बीई (B.E)।
अक्सर चाहे किसी ने साइंस से पढ़ाई की हो या न की हो, इंजीनियरिंग की हो या नहीं, बीई (बैचलर ऑफ़ इंजीनियरिंग) और बीटेक (बैचलर ऑफ़ टेक्नोलॉजी) के नाम ज़रूर सुने होते हैं।
लेकिन सवाल यह है—
क्या ये दोनों डिग्रियां सच में एक जैसी हैं?
या फिर पढ़ाई के तरीके, कोर्स के उद्देश्य और अप्रोच में कोई अंतर होता है?
बीई और बीटेक में क्या अंतर होता है?
बीई का पूरा नाम बैचलर ऑफ़ इंजीनियरिंग है, जबकि बीटेक का मतलब बैचलर ऑफ़ टेक्नोलॉजी होता है।
आईआईटी कानपुर के प्रोफ़ेसर शलभ, जो स्टैटिस्टिक्स और डेटा साइंस के जाने-माने विशेषज्ञ हैं, बताते हैं:
“बीई एक पुरानी टर्मिनोलॉजी है, जिसे आज भी कुछ यूनिवर्सिटियां इस्तेमाल करती हैं। लेकिन आज के समय में बीई और बीटेक की पढ़ाई, सिलेबस और पात्रता में कोई खास अंतर नहीं रह गया है।”
विकाश, जो फिलहाल एक कंपनी में इंजीनियरिंग मैनेजर हैं और साथ ही IIIT ग्वालियर में गेस्ट फ़ैकल्टी भी हैं, बताते हैं:
“पहले बीई को ज़्यादा थ्योरी-आधारित माना जाता था, जिसमें यह समझाया जाता था कि चीज़ें क्यों काम करती हैं।
वहीं बीटेक को ज़्यादा प्रैक्टिकल और स्किल-आधारित माना जाता था, जिसमें यह सिखाया जाता था कि चीज़ें कैसे काम करती हैं।
लेकिन अब यह फर्क लगभग खत्म हो चुका है।”
क्या बीटेक ज़्यादा आधुनिक कोर्स है?
मोंटी, जो अडानी ग्रुप में असिस्टेंट मैनेजर हैं और 2014 में बीई कर चुके हैं, कहते हैं:
“भारत में बीई और बीटेक दोनों को बराबर की डिग्री माना जाता है।
बीई का सिलेबस थोड़ा पारंपरिक होता है और यह आमतौर पर पुरानी यूनिवर्सिटियों में पढ़ाया जाता है, जहां बुनियादी कॉन्सेप्ट्स पर ज़्यादा ध्यान होता है।
वहीं बीटेक का सिलेबस थोड़ा अपडेटेड होता है, जिसमें लैब, प्रोजेक्ट्स और इंटर्नशिप पर ज़्यादा फ़ोकस रहता है।”
आमतौर पर:
- आईआईटी, एनआईटी और ज़्यादातर प्राइवेट कॉलेज → बीटेक
- पुरानी स्टेट यूनिवर्सिटियां → बीई
फिर अलग-अलग नाम क्यों हैं?
भारत में इंजीनियरिंग संस्थानों की निगरानी AICTE (ऑल इंडिया काउंसिल फ़ॉर टेक्निकल एजुकेशन) करती है।
AICTE के आंकड़ों के मुताबिक:
- 2023–24 में भारत में 8,264 संस्थान इंजीनियरिंग कोर्स चला रहे थे
- 2024–25 में 211 नए संस्थान और जुड़े
- सिर्फ़ 2023–24 में 30.79 लाख छात्रों ने इंजीनियरिंग कॉलेजों में दाख़िला लिया
IIRF रैंकिंग 2025 के अनुसार:
- भारत का टॉप इंजीनियरिंग संस्थान: IIT बॉम्बे
- प्राइवेट यूनिवर्सिटी के तहत टॉप संस्थान: BITS पिलानी
BITS पिलानी, जादवपुर यूनिवर्सिटी, अन्ना यूनिवर्सिटी, उस्मानिया यूनिवर्सिटी, आरवी कॉलेज, पुणे यूनिवर्सिटी और मुंबई यूनिवर्सिटी—ये सभी बीई डिग्री देते हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि:
“डिग्री का नाम ज़्यादातर यूनिवर्सिटी पर निर्भर करता है, पढ़ाई की गुणवत्ता पर नहीं।”
पात्रता और अवधि
- बीई और बीटेक दोनों 4 साल के कोर्स होते हैं
- दोनों के लिए पात्रता एक जैसी होती है:
- 12वीं में फिज़िक्स, केमिस्ट्री और मैथ्स
- JEE Main / JEE Advanced पास करना
पढ़ाए जाने वाले विषय भी लगभग एक जैसे
पहला साल (सभी ब्रांच के लिए समान):
- गणित
- इंजीनियरिंग फ़िज़िक्स
- इंजीनियरिंग केमिस्ट्री
- इंजीनियरिंग मैकेनिक्स
- बेसिक इलेक्ट्रॉनिक्स
ब्रांच-वाइज़ कोर सब्जेक्ट्स:
- कंप्यूटर साइंस:
डेटा स्ट्रक्चर, एल्गोरिद्म, ऑपरेटिंग सिस्टम, डीबीएमएस - मैकेनिकल:
थर्मोडायनैमिक्स, फ्लूइड मैकेनिक्स, काइनेमेटिक्स ऑफ़ मशीन - इलेक्ट्रिकल:
सर्किट थ्योरी, कंट्रोल सिस्टम, पावर सिस्टम
विकाश कहते हैं:
“कोर सब्जेक्ट्स दोनों कोर्स में एक जैसे ही होते हैं। असली फर्क ब्रांच से आता है।”
बीई या बीटेक—कौन-सा बेहतर?
विकाश के मुताबिक:
“आज के समय में बीई और बीटेक के बीच व्यावहारिक दुनिया में कोई खास फर्क नहीं है।
नौकरी, मास्टर्स या एमबीए के लिए आवेदन करते समय दोनों को बराबर माना जाता है।”
उनकी सलाह:
-
सिर्फ़ डिग्री के नाम के आधार पर कोर्स न चुनें
-
इन बातों पर ध्यान दें:
-
यूनिवर्सिटी की गुणवत्ता
-
फैकल्टी
-
इंफ़्रास्ट्रक्चर
-
प्लेसमेंट
-
रिसर्च का माहौल
-
मिलने वाली ब्रांच
-
अगर एक ही ब्रांच बीई और बीटेक दोनों में मिल रही हो, तो बाकी फैक्टर्स देखकर फैसला करें।
क्या भविष्य की ग्रोथ में कोई फर्क होता है?
जानकारों के अनुसार:
-
जॉब डिस्क्रिप्शन में हमेशा B.E / B.Tech लिखा होता है
-
सैलरी डिग्री पर नहीं, बल्कि स्किल्स और इंटरव्यू प्रदर्शन पर निर्भर करती है
मोंटी कहते हैं:
“आज के समय में ट्रेंड डिग्री से नहीं, बल्कि ब्रांच और स्किल्स से तय होता है।
अगर आईटी सेक्टर में बूम है, तो आईटी ब्रांच फायदेमंद है।”
उनका अनुभव:
“मैं चार कंपनियां बदल चुका हूं।
आज तक किसी कंपनी ने यह नहीं पूछा कि डिग्री बीई है या बीटेक।
अगर स्किल्स हैं, तो नौकरी मिल जाती है।”
आगे का भविष्य किस पर निर्भर करता है?
विकाश बताते हैं:
- आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस के दौर में कंपनियां डिग्री से ज़्यादा स्किल्स देखती हैं
- मशीन लर्निंग, डेटा साइंस और न्यूरल नेटवर्क जैसी स्पेशलाइज्ड स्किल्स की मांग बढ़ रही है
