Pilot Kaise Banein? Training Cost, Salary & Career Guide
Pilot Kaise Bante hai? Training me Cost kitni aati hai, Salary kitni?
एविएशन सेक्टर में हाल के दिनों में जो कुछ भी हुआ, वह सबने देखा—पायलटों की कमी, एयरपोर्ट पर लंबी कतारें, फ्लाइट्स का रद्द होना, परेशान यात्री, मोनोपॉली के आरोप और कंपनियों की सफ़ाइयाँ।
भारत में विमानन क्षेत्र अर्थव्यवस्था की तेज़ी से बढ़ती ताक़त बन चुका है। भारतीय अर्थव्यवस्था में इसका योगदान लगभग 5.36 बिलियन अमेरिकी डॉलर का है और 75 लाख से ज़्यादा लोगों को इससे रोज़गार मिलता है।
सिर्फ़ साल 2024 में ही नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने 1300 से अधिक कमर्शियल पायलट लाइसेंस (CPL) जारी किए, यानी इतने नए पायलट इस साल इंडस्ट्री से जुड़े।
करियर कनेक्ट की इस कड़ी में हम बात कर रहे हैं उस नौकरी की, जिसका सपना लोग ज़मीन पर खड़े होकर देखते हैं, लेकिन जो पूरा होता है आसमान में—यानी पायलट बनने का सपना।
कॉकपिट तक का सफ़र कैसे तय होता है?
सबसे पहला सवाल यही आता है कि पायलट कैसे बनें?
इसका जवाब हमें एक जानी-मानी एयरलाइन से जुड़े पायलट ने दिया। उन्होंने बताया कि भारत में पायलट बनने के दो रास्ते हैं—
- पारंपरिक तरीका
- एयरलाइन कंपनियों का कैडेट पायलट प्रोग्राम
दोनों ही मामलों में उम्मीदवार की उम्र कम से कम 18 साल होनी चाहिए।
साथ ही 12वीं में फ़िज़िक्स और मैथ्स के साथ कम से कम 50% अंक होना ज़रूरी है।
अगर कोई छात्र कॉमर्स या आर्ट्स बैकग्राउंड से है, तो उसे NIOS या किसी स्टेट बोर्ड के ओपन एग्ज़ाम के ज़रिए फ़िज़िक्स और मैथ्स की परीक्षा पास करनी होती है।
मेडिकल जांच और DGCA की भूमिका
भारत में विमानन का नियामक DGCA है। DGCA ने देशभर में कुछ डॉक्टरों को मान्यता दी है, जो पायलट ट्रेनिंग के लिए ज़रूरी मेडिकल जांच कर सकते हैं।
- ट्रेनिंग शुरू करने से पहले क्लास-2 मेडिकल सर्टिफिकेट ज़रूरी होता है
- यह DGCA से अप्रूव्ड डॉक्टर जारी करते हैं
- इसके बाद क्लास-1 मेडिकल टेस्ट होता है, जिसे DGCA करवाता है और यह इंडियन एयर फ़ोर्स से अप्रूव्ड डॉक्टर करते हैं
इन मेडिकल जांचों में आंखों की जांच, ईसीजी, ब्लड टेस्ट और नाक-कान-गले की जांच शामिल होती है।
दोनों मेडिकल का कुल ख़र्च लगभग 10,000 रुपये आता है।
अगर किसी उम्मीदवार को कलर ब्लाइंडनेस है, तो वह पायलट नहीं बन सकता।
साथ ही ब्लड या यूरिन जैसी बुनियादी जांच में फेल होने पर भी पायलट बनने की अनुमति नहीं मिलती।
मेडिकल के बाद अगला कदम
सभी एलिजिबिलिटी पूरी करने के बाद उम्मीदवार को DGCA की CPL परीक्षा देनी होती है।
यह परीक्षा आमतौर पर साल में चार बार होती है।
इसके बाद ट्रेनिंग दो हिस्सों में होती है—
- ग्राउंड ट्रेनिंग
- फ्लाइंग ट्रेनिंग
ग्राउंड ट्रेनिंग में मौसम विज्ञान, एयर रेगुलेशन, नेविगेशन, रेडियो टेलीफोनी और टेक्निकल विषय पढ़ाए जाते हैं।
इनकी लिखित परीक्षा में कम से कम 70% अंक लाना अनिवार्य होता है।
इसके बाद उम्मीदवार DGCA-अप्रूव्ड फ्लाइंग ट्रेनिंग ऑर्गनाइज़ेशन (FTO) में दाख़िला लेते हैं, जहां उन्हें 200 घंटे का फ्लाइंग अनुभव हासिल करना होता है।
कैडेट पायलट प्रोग्राम का रास्ता
दूसरा रास्ता है कैडेट पायलट प्रोग्राम, जिसे एयरलाइन कंपनियां खुद चलाती हैं।
इसमें एक तय सिलेबस होता है, जिसमें थ्योरी और प्रैक्टिकल दोनों तरह की ट्रेनिंग दी जाती है।
इस ट्रेनिंग का मक़सद पायलटों को इंडस्ट्री की ज़रूरतों के हिसाब से पूरी तरह तैयार करना होता है।
उदाहरण के तौर पर, एयर इंडिया का कैडेट पायलट प्रोग्राम—
- ट्रेनिंग एयर इंडिया फ्लाइंग ट्रेनिंग एकेडमी में होती है
- साथ ही अमेरिका में मौजूद इसके ग्लोबल पार्टनर स्कूलों में CPL ट्रेनिंग और टाइप रेटिंग दी जाती है
फ्लाइट ट्रेनिंग के दौरान छोटे विमानों को उड़ाना सिखाया जाता है।
लेकिन यात्री विमान उड़ाने के लिए अलग लाइसेंस चाहिए, जिसे टाइप रेटिंग कहा जाता है।
ट्रेनिंग का समय और ख़र्च
लिखित परीक्षाएं पास करने में लगभग 6 महीने लगते हैं, इसके बाद फ्लाइट ट्रेनिंग शुरू होती है।
ट्रेनिंग भारत या विदेश, कहीं से भी की जा सकती है।
कैप्टन मोहित, जो अपनी शायराना घोषणाओं के लिए मशहूर हैं, बताते हैं—
“ट्रेनिंग कहीं से भी की हो, DGCA की परीक्षा पास करना ज़रूरी है। एयरलाइन कंपनियां किसी खास देश की ट्रेनिंग को प्राथमिकता नहीं देतीं, असली मायने भारतीय पायलट लाइसेंस का होता है।”
ट्रेनिंग की लागत:
- भारत: 14–15 महीने, ₹50–55 लाख
- अमेरिका: लगभग 10 महीने, ₹50–52 लाख
- साउथ अफ़्रीका: 12–14 महीने, ₹35–40 लाख
यह कोई तय अवधि वाला कोर्स नहीं है। 200 फ्लाइंग घंटे पूरे करना ज़रूरी होता है।
नौकरी, प्रमोशन और परीक्षाएं
एयरलाइन जॉइन करने पर पहला पद होता है फ़र्स्ट ऑफ़िसर (को-पायलट)।
कैप्टन बनने के लिए ATPL लाइसेंस चाहिए, जिसके लिए—
- DGCA की परीक्षा पास करनी होती है
- कम से कम 1500 घंटे का फ्लाइंग अनुभव ज़रूरी है
एयरलाइन कंपनियां अपनी अलग मेरिट-बेस्ड परीक्षा भी लेती हैं।
सैलरी और ग्रोथ
- फ़र्स्ट ऑफ़िसर: ₹1.25 से ₹2.5 लाख प्रति माह
- कैप्टन: ₹4 से ₹8 लाख प्रति माह
- इंटरनेशनल एयरलाइंस में इससे भी ज़्यादा
DGCA के नियमों के अनुसार पायलट को:
- कम से कम 12 घंटे का रेस्ट
- हफ्ते में एक बार 48 घंटे का ब्रेक मिलना ज़रूरी है
मिडिल ईस्ट देशों में पायलटों की मांग ज़्यादा है और वहां सैलरी भी अच्छी होती है, हालांकि खर्च भी अधिक होता है।
खर्च और एजुकेशन लोन
पायलट बनना जितना आकर्षक है, उतना ही महंगा भी है।
- सामान्य CPL ट्रेनिंग: ₹55–85 लाख
- कैडेट पायलट प्रोग्राम: ₹1 करोड़ या उससे ज़्यादा
