पाकिस्तान के श्रीलंका को भेजे गए एक्सपायर्ड फूड पैकेट की वायरल तस्वीर।
श्रीलंका के लिए भेजी गई पाकिस्तानी राहत सामग्री में एक्सपायर्ड फूड पैकेट, तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल
साइक्लोन ‘दितवाह’ से प्रभावित श्रीलंका के लिए भेजी गई पाकिस्तान की राहत सामग्री नए विवाद में फंस गई है। सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों में दिखाई दे रहा है कि पाकिस्तान द्वारा भेजे गए फूड पैकेट पर अक्टूबर 2024 की एक्सपायरी डेट दर्ज है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तान ने श्रीलंका को पानी, दूध पाउडर, आटा और अन्य आवश्यक सामग्री के कई पैकेट भेजे थे। 30 नवंबर को पाकिस्तान हाई कमीशन श्रीलंका ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर राहत सामग्री की तस्वीरें साझा की थीं, जिनमें एक्सपायरी डेट साफ दिख रही है। ये पोस्ट अब तेजी से वायरल हो रहा है और कई यूजर्स पाकिस्तान की आलोचना कर रहे हैं। हालांकि, इस मामले पर पाकिस्तान सरकार की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
श्रीलंका में साइक्लोन दितवाह का कहर


साइक्लोन दितवाह के कारण श्रीलंका भारी बाढ़ से जूझ रहा है। अब तक 390 लोगों की मौत, 370 लोग लापता, और 11 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। करीब 2 लाख लोग अपने घर छोड़कर शेल्टर होम में रह रहे हैं।
पाकिस्तान पहले भी राहत सामग्री को लेकर विवादों में रहा

यह पहली बार नहीं है जब पाकिस्तान पर राहत सामग्री को लेकर सवाल उठे हों। 2022 में तुर्किये में आए 7.8 तीव्रता के भूकंप के दौरान पाकिस्तान ने वही राहत सामग्री वापस भेज दी थी, जो 2021 में बाढ़ के समय तुर्किये ने उसे भेजी थी। इस घटना पर तुर्किये ने कड़ी आपत्ति जताई थी।
तुर्किये–सीरिया भूकंप में 47 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी।
भारत ने पाक फ्लाइट को एयरस्पेस दिया
श्रीलंका को राहत सामग्री ले जा रही पाकिस्तानी फ्लाइट के लिए भारत ने अपने एयरस्पेस का इस्तेमाल करने की मंजूरी दी। पाकिस्तान ने सोमवार दोपहर 1 बजे भारत को अनुरोध भेजा था, जिसे भारत ने सिर्फ 4 घंटे में मंजूर कर दिया।
इस दौरान पाकिस्तानी मीडिया के कुछ हिस्सों ने दावा किया था कि भारत ने अनुमति देने से इनकार कर दिया है, लेकिन भारत ने इन दावों को खारिज किया।
साइक्लोन दितवाह: दो दशक का सबसे खतरनाक तूफान
दितवाह उत्तर हिंद महासागर साइक्लोन सीजन 2025 का चौथा चक्रवात है, जो 26 नवंबर को श्रीलंका के दक्षिण-पूर्वी तट के पास बना। यमन द्वारा नामित यह तूफान पिछले 20 वर्षों में सबसे खतरनाक माना जा रहा है।
भारत ने भेजी 53 टन राहत सामग्री

भारत ने ‘ऑपरेशन सागर बंधु’ के तहत श्रीलंका को कुल 53 टन राहत सामग्री भेजी है।
- इंडियन नेवी के दो जहाजों से 9.5 टन इमरजेंसी राशन
- टेंट, तिरपाल, कंबल, हाइजीन किट, दवाइयों और सर्जिकल उपकरण सहित 31.5 टन सामग्री
- IAF के तीन विमान राहत सामग्री की एयरलिफ्टिंग में तैनात
- 5 सदस्यों की मेडिकल टीम और NDRF की 80 सदस्यीय विशेष टीम भी भेजी गई
- INS सुकन्या से 12 टन अतिरिक्त राहत सामग्री भी रवाना की गई
कुल राहत सामग्री 53 टन से अधिक हो गई है।
